अंजनी कुमार
अरवल
अरवल जिले के कलेर प्रखंड के मेहंदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मधुश्रवा स्थित प्रसिद्ध बाबा मधेश्वर नाथ मंदिर से बीते गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने मंदिर का घंटा चोरी कर लिया। घटना की सूचना मंदिर के महंत द्वारा मेहंदिया थाना को लिखित आवेदन देकर दी गई है। चोरी की इस घटना के बाद क्षेत्र के श्रद्धालुओं में आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार की देर रात अज्ञात चोर मंदिर परिसर में प्रवेश कर मंदिर में लगा पीतल का घंटा खोलकर अपने साथ ले गए। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई है। फुटेज में एक युवक लाल रंग का गमछा चेहरे पर बांधे हुए दिखाई दे रहा है, जो मंदिर का घंटा खोलकर चोरी की वारदात को अंजाम देता नजर आ रहा है।घटना सामने आने के बाद स्थानीय श्रद्धालुओं ने इसे धार्मिक आस्था पर चोट बताते हुए नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि मधुश्रवा स्थित बाबा मधेश्वर नाथ मंदिर हिंदू श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। ऐसे पवित्र स्थल पर चोरी की घटना होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।
श्रद्धालुओं ने स्थानीय पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शीघ्र ही आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उल्लेखनीय है कि कुछ ही दिनों बाद सावन माह की शुरुआत होने वाली है। इस दौरान बाबा मधेश्वरा नाथ मंदिर परिसर में लगभग एक माह तक चलने वाले श्रावणी मेले में हजारों श्रद्धालु स्नान, जलाभिषेक एवं भगवान शिव की पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे समय में मंदिर से घंटा चोरी की घटना ने श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है।इस संबंध में मेहंदिया थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार ने बताया कि मंदिर के महंत द्वारा चोरी की घटना को लेकर लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।


