मवेशी खरीदकर लौट रहे युवक से मारपीट, विरोध में ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
कैमूर। मोहनिया थाना क्षेत्र के पटना मोड़ के पास मवेशी खरीदकर घर लौट रहे एक युवक के साथ गो-तस्करी के संदेह में मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया और मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घायल युवक की पहचान बेलौड़ी गांव निवासी नवाब कुरैशी के 32 वर्षीय पुत्र गुलाम साबिर कुरैशी के रूप में हुई है। घायल ने बताया कि वह अपने एक साथी के साथ दादर क्षेत्र से एक मवेशी खरीदकर मैजिक वाहन से घर लौट रहा था। इसी दौरान पटना मोड़ के समीप बाइक सवार दो युवकों ने वाहन रोक लिया और गो-तस्करी का आरोप लगाते हुए उन्हें रोककर पूछताछ करने लगे।
गुलाम साबिर का कहना है कि उन्होंने दोनों युवकों को बताया कि मवेशी को घर पर पालन-पोषण के उद्देश्य से खरीदा गया है, लेकिन उनकी बात पर विश्वास नहीं किया गया। आरोप है कि दोनों युवक उन्हें पास के एक निर्माणाधीन होटल में ले गए, जहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से उनकी पिटाई कर दी। इस बीच उनका साथी किसी तरह मौके से भाग निकला और गांव पहुंचकर परिजनों व ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक मारपीट करने वाले लोग वहां से फरार हो चुके थे। घटना से नाराज ग्रामीणों ने पटना मोड़ के दक्षिणी सर्विस रोड पर कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और यातायात बहाल कराया।
ग्रामीणों की निशानदेही पर पुलिस ने भीड़ में शामिल एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि मवेशी लेकर लौट रहे युवक के साथ मारपीट की घटना की सूचना मिली थी। एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सड़क जाम को भी शांतिपूर्वक समाप्त करा दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


