ट्रकों से अवैध वसूली करने वाला युवक गिरफ्तार, वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस की कार्रवाई
कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में ट्रकों एवं भारी वाहनों से कथित तौर पर अवैध वसूली करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को दिवा गश्ती के दौरान एक वायरल वीडियो प्राप्त हुआ, जिसमें एक व्यक्ति बीच सड़क पर खड़ा होकर आने-जाने वाले ट्रकों और भारी वाहनों से अवैध वसूली करता दिखाई दे रहा था।
वीडियो की जांच में घटना स्थल की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम करजी के रूप में की गई। इसके बाद वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान कमलेश तिवारी (पिता– कृपा शंकर तिवारी), निवासी करजी, थाना चैनपुर, जिला कैमूर के रूप में हुई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर छापेमारी की और उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में चैनपुर थाना कांड संख्या 385/26, दिनांक 29 जुलाई 2026, धारा 308(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


