ANJANI KUMAR
अरवल
आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले बेलसार सूर्य मंदिर परिसर में प्रखंड की सेविकाओं एवं सहायिकाओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सेविका मीना कुमारी ने की। इसमें विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों से पहुंची सेविकाओं और सहायिकाओं ने अपनी लंबित मानदेय सहित अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में सेविकाओं ने आरोप लगाया कि पिछले दो माह से पोषाहार की राशि लंबित है जबकि विभाग द्वारा उन पर एफआरएस कराने का दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही छह माह से मानदेय का भुगतान नहीं होने से केंद्रों का संचालन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जीविका के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे बच्चों के ड्रेस निम्न गुणवत्ता के हैं और सही आकार के नहीं होने से अभिभावकों के आक्रोश का सामना उन्हें करना पड़ता है।
सेविका मीना कुमारी ने कहा कि गृह भ्रमण, अन्नप्राशन, गोदभराई सहित कई अतिरिक्त कार्य कराए जाते हैं, लेकिन मोबाइल रिचार्ज और अन्य खर्चों के लिए कोई राशि नहीं दी जाती। उन्होंने बताया कि बाजार मूल्य के अनुरूप पोषाहार की राशि भी नहीं मिलती। उदाहरण देते हुए कहा कि बाजार में अंडे की कीमत 10 रुपये है, जबकि सरकार की ओर से केवल 5 रुपये की राशि निर्धारित है।
बैठक को संघर्ष समिति के संरक्षक नलिन शर्मा, वेंकटेश द्विवेदी, कमलेश कुमार एवं संजीव कुमार ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि लंबित मानदेय, तथा मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि शीघ्र नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। अंत में सभी सेविका-सहायिकाओं ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया।इस बैठक में सैकडो की संख्या में आंगनबाड़ी केन्द्रों की सेविका एवं सहायिका ने भाग लिया।


