Explore

Search

August 4, 2026 3:05 am

Traffic Tail

वाहन जांच में कलेर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, चोरी की मोटरसाइकिल के साथ युवक गिरफ्तार, भेजा गया जेल।

 

ANJANI KUMAR

अरवल

कलेर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के दौरान सोमवार को पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी। अगनूर बाजार मे वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर उसकी जांच की। जांच में मोटरसाइकिल चोरी की निकली, जिसके बाद पुलिस ने बाइक सवार युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपू कुमार, पिता रविंद्र सिंह, निवासी हिचन बीघा, थाना दाउदनगर, जिला औरंगाबाद के रूप में हुई है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेर पुलिस नियमित रूप से क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर वाहन जांच अभियान चला रही है। इसी क्रम में अगनूर बाजार मे वाहनों की जांच कर रही थी। तभी एक युवक मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रोककर वाहन के कागजात की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को वाहन पर संदेह हुआ, जिसके बाद इंजन नंबर एवं चेसिस नंबर का मिलान किया गया।
जांच में यह सामने आया कि मोटरसाइकिल पर लगा रजिस्ट्रेशन नंबर और चेसिस नंबर आपस में मेल नहीं खा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने युवक से कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी पहले पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा, लेकिन जब तकनीकी साक्ष्य उसके सामने रखे गए तो उसने स्वीकार कर लिया कि मोटरसाइकिल चोरी की है।
पुलिस द्वारा वाहन का सत्यापन किए जाने पर पता चला कि उक्त मोटरसाइकिल लगभग दो माह पूर्व नालंदा जिले से चोरी हुई थी। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने यह बाइक खरीद ली थी, हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बाइक उसे किस व्यक्ति ने बेची, चोरी की वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा कहीं यह किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह से तो जुड़ा नहीं है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
कलेर थाना ध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि वाहन जांच अभियान के दौरान अगनूर के समीप एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका गया था। जांच के दौरान बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर और चेसिस नंबर में अंतर पाया गया। तकनीकी सत्यापन के बाद यह स्पष्ट हुआ कि मोटरसाइकिल चोरी की है। पूछताछ में आरोपी ने भी चोरी की बाइक होने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
उन्होंने कहा कि जिले में चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री करने वालों तथा वाहन चोरी करने वाले अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ऐसे मामलों में किसी भी व्यक्ति को बख्शने के मूड में नहीं है। चोरी के वाहन खरीदने वाले लोगों के विरुद्ध भी कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। आम लोगों से भी अपील की गई है कि कोई भी पुराना वाहन खरीदने से पहले उसके सभी दस्तावेज, इंजन नंबर और चेसिस नंबर का अच्छी तरह सत्यापन अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी कानूनी परेशानी का सामना न करना पड़ा।

ANJANI KUMAR
Author: ANJANI KUMAR

Leave a Comment

Advertisement
Traffic Tail
लाइव क्रिकेट स्कोर
Traffic Tail