ANJANI KUMAR
अरवल
कलेर प्रखंड की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुखिया संघ के प्रतिनिधिमंडल ने बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश से उनके पटना स्थित सरकारी आवास पर मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को कलेर प्रखंड की ज्वलंत समस्याओं से अवगत कराते हुए विस्तृत ज्ञापन सौंपा तथा शीघ्र समाधान की मांग की।
मुखिया संघ प्रखंड अध्यक्ष मुंद्रिका सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में बेलाल पंचायत के मुखिया मंटू पटेल, टेरी पैक्स अध्यक्ष राम अयोध्या सिंह, जयपुर पंचायत के मुखिया राजदेव पासवान, बेलसार पंचायत के मुखिया विक्रम पासवान तथा उसरी पंचायत के मुखिया कैश अंसारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि कलेर प्रखंड के कई गांव आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली, पेयजल, जल निकासी, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत भवनों के विकास, सिंचाई तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी अनेक समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। इन समस्याओं के कारण आम लोगों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।ज्ञापन में पंचायतों के समग्र विकास, लंबित विकास योजनाओं को शीघ्र पूरा कराने, नई विकास योजनाओं की स्वीकृति, पंचायतों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
मुखिया संघ प्रखंड अध्यक्ष मुंद्रिका सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का उद्देश्य क्षेत्र की जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि मंत्री द्वारा इन मांगों पर सकारात्मक पहल की जाएगी, जिससे कलेर प्रखंड के विकास को नई गति मिलेगी।
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि ज्ञापन में शामिल सभी बिंदुओं की समीक्षा कर संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि पंचायतों का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता है और जनहित से जुड़े मामलों के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।मंत्री के आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि कलेर प्रखंड की वर्षों पुरानी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा और विकास कार्यों में तेजी आएगी।


