Explore

Search

November 3, 2026 5:33 am

Traffic Tail

कलेर प्रखंड के तीन पंचायतों में लगा सहयोग शिविर, 63 आवेदन मिले 21 का मौके पर निष्पादन 

 

दक्षिणी कलेर, बेलसार और सोहसा में बीडीओ ने सुनी लोगों की समस्याएं, सरकारी योजनाओं का मिला लाभ

अंजनी कुमार

अरवल

कलेर प्रखंड प्रशासन द्वारा मंगलवार को प्रखंड के तीन पंचायतों दक्षिणी कलेर, बेलसार और सोहसा में एक साथ सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना था।

प्रखंड विकास पदाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि शिविर में कुल 63 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 21 आवेदनों का निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर 15 दिनों के अंदर निपटारे का निर्देश दिया गया है।

दक्षिणी कलेर पंचायत में आयोजित शिविर में कुल 15 आवेदन आए। इनमें वृद्धा पेंशन, आवास सहायता, आय और जाति प्रमाण पत्र से संबंधित मामले प्रमुख थे। यहां 8 आवेदनों का निष्पादन शिविर में ही कर दिया गया। बीडीओ ने स्वयं आवेदकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

बेलसार पंचायत में शिविर के दौरान 22 आवेदन प्राप्त हुए। यहां भूमि विवाद, दाखिल-खारिज और पेंशन से जुड़े मामले अधिक आए। तकनीकी कारणों से यहां केवल 2 मामलों का ही त्वरित निष्पादन हो सका। शेष आवेदनों की जांच के लिए अंचल कर्मियों को जिम्मेदारी दी गई।

सोहसा पंचायत में सबसे अधिक 26 आवेदन जमा हुए। यहां राशन कार्ड में नाम जोड़ना, आवास योजना और मनरेगा जॉब कार्ड से संबंधित आवेदन प्रमुख रहे। बीडीओ की पहल पर यहां 11 आवेदनों का मौके पर निपटारा किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाएं, दिव्यांग और बुजुर्ग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे।

बीडीओ सुशील कुमार ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आम लोगों को प्रखंड और जिला का चक्कर न लगाना पड़े। इसके लिए पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिविर में राजस्व, पंचायती राज, समाज कल्याण, आपूर्ति और बैंक के कर्मी भी मौजूद थे ताकि एक ही जगह पर सभी समस्याओं का समाधान हो सके।

स्थानीय मुखिया और पंचायत समिति सदस्यों ने शिविर की सराहना की। लोगों ने कहा कि इस तरह के शिविर से उन्हें काफी राहत मिली है।

 

ANJANI KUMAR
Author: ANJANI KUMAR

Leave a Comment

Advertisement
Traffic Tail
लाइव क्रिकेट स्कोर
Traffic Tail