Explore

Search

November 3, 2026 6:31 am

Traffic Tail

राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, अरवल में ‘दीक्षारंभ 2026’ का आयोजन

राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, अरवल में ‘दीक्षारंभ 2026’ का आयोजन

अंजनी कुमार
अरवल

राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, अरवल में ‘दीक्षारंभ 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय, पटना के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न अभियंत्रण महाविद्यालयों के नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने प्रत्यक्ष एवं ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करने के साथ उन्हें उच्च तकनीकी शिक्षा, नवाचार, अनुसंधान एवं व्यावसायिक विकास के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय, पटना के कुलपति प्रो. सुरेश कांत वर्मा रहे। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. प्रदीप कुमार, आईएएस (सेवानिवृत्त) एवं परीक्षा नियंत्रक डॉ. बिजेंद्र कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में कुलपति प्रो. सुरेश कांत वर्मा ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें तकनीकी शिक्षा को केवल पाठ्यक्रम एवं परीक्षा तक सीमित न रखने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी नवाचार, अनुसंधान, रचनात्मक सोच, कौशल विकास एवं समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के सफल तकनीकी विशेषज्ञ, नवप्रवर्तक एवं कुशल टेक्नोक्रेट बनकर देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से जिज्ञासु बने रहने, नई तकनीकों को सीखने तथा अपने ज्ञान का उपयोग समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान में करने का आह्वान किया।
कुलपति ने विद्यार्थियों को बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न अभियंत्रण पाठ्यक्रमों एवं शैक्षणिक अवसरों की जानकारी भी दी। उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रम संरचना तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध विभिन्न अवसरों पर प्रकाश डाला।
अपने संबोधन के दौरान कुलपति ने ग्रेडिंग सिस्टम, SGPA एवं CGPA की विस्तृत जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को समझाया कि प्रत्येक सेमेस्टर के प्रदर्शन के आधार पर SGPA (Semester Grade Point Average) निर्धारित होता है, जबकि विभिन्न सेमेस्टरों में प्राप्त क्रेडिट एवं ग्रेड प्वाइंट के आधार पर CGPA (Cumulative Grade Point Average) निर्धारित किया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रारंभ से ही नियमित अध्ययन एवं निरंतर शैक्षणिक प्रदर्शन पर ध्यान देने की सलाह दी, क्योंकि प्रत्येक सेमेस्टर का प्रदर्शन उनके समग्र CGPA को प्रभावित करता है।
उन्होंने विश्वविद्यालय की परीक्षा एवं मूल्यांकन प्रणाली के संबंध में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया तथा आंतरिक मूल्यांकन, सेमेस्टर परीक्षा, सतत अध्ययन एवं शैक्षणिक प्रदर्शन के महत्व को समझाया। विद्यार्थियों को परीक्षा प्रक्रिया एवं मूल्यांकन व्यवस्था को गंभीरता से समझने और नियमित रूप से अपनी शैक्षणिक प्रगति पर ध्यान देने की सलाह दी गई।
कुलपति ने विद्यार्थियों को NPTEL (National Programme on Technology Enhanced Learning) जैसे ऑनलाइन पाठ्यक्रमों का लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने नियमित पाठ्यक्रम के साथ-साथ NPTEL के माध्यम से देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के विशेषज्ञों से विभिन्न तकनीकी विषयों का अध्ययन कर सकते हैं तथा अपने ज्ञान और कौशल को और अधिक समृद्ध कर सकते हैं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रणव कुमार ने सभी सम्मानित अतिथियों एवं नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि दीक्षारंभ विद्यार्थियों के लिए इंजीनियरिंग शिक्षा की नई यात्रा का महत्वपूर्ण शुभारंभ है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम, तकनीकी दक्षता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपने शैक्षणिक जीवन को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न अभियंत्रण महाविद्यालयों के प्राचार्यों, नोडल अधिकारियों, शिक्षकों एवं नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की। ऑनलाइन माध्यम से जुड़े विद्यार्थियों ने भी कुलपति से संवाद किया और अपने प्रश्नों के माध्यम से शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम की सफलता में राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, अरवल के सभी शिक्षकगण एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान एवं सहयोग रहा। सभी के सामूहिक प्रयास, समर्पण एवं सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम का सफल एवं सुचारु आयोजन संभव हो सका। कार्यक्रम के आयोजन एवं समन्वय में विशेष रूप से डॉ. अंजनी कुमार एवं मीडिया प्रभारी प्रो. संतोष कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके सक्रिय सहयोग, तकनीकी समन्वय एवं प्रभावी आयोजन व्यवस्था ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

ANJANI KUMAR
Author: ANJANI KUMAR

Leave a Comment

Advertisement
Traffic Tail
लाइव क्रिकेट स्कोर
Traffic Tail