कांड दर्ज होने के बाद गांव से लिया गया हिरासत में, किशोर न्याय बोर्ड में पेश करने की तैयारी
बड़हरा (भोजपुर), 24 सितंबर। बबुरा थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक मामले में कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग को बबुरा गांव से निरुद्ध किया है। पुलिस ने उसे विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि घटना बीते अप्रैल महीने की है। मामले में पीड़िता ने करीब एक सप्ताह पूर्व बबुरा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कांड संख्या 77/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित नाबालिग को उसके गांव बबुरा से निरुद्ध कर लिया।
कार्रवाई के दौरान थानाध्यक्ष संजय कुमार के साथ दारोगा अमरेश कुमार, रंजीत कुमार सहित अन्य पुलिस बल मौजूद रहे। पुलिस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।


