नंबर प्लेट से छेड़छाड़ पर पांच ट्रेलर जब्त, तीन चालक गिरफ्तार
आरा/कोईलवर (भोजपुर)
यातायात नियमों के उल्लंघन और वाहनों की नंबर प्लेट में कथित छेड़छाड़ के खिलाफ कोईलवर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बालू ढुलाई में इस्तेमाल होने वाले पांच ट्रेलर जब्त किए हैं। कार्रवाई आरा-बबुरा मार्ग स्थित झलकूनगर मोड़ चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान की गई। पुलिस ने मामले में तीन चालकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच चल रही थी। इसी दौरान जमालपुर बाजार की ओर से सूचना मिली कि कुछ बालू लदे ट्रेलर तेज गति से ओवरटेक करते हुए झलकूनगर की ओर जा रहे हैं। उन्हें रोकने का प्रयास किए जाने पर चालकों द्वारा पुलिसकर्मियों को वाहन से धक्का मारकर निकलने का प्रयास किए जाने का आरोप है। इसके बाद पुलिस ने बैरिकेडिंग कर तीन ट्रेलरों को पकड़ लिया। जांच के दौरान तीनों ट्रेलरों की नंबर प्लेट में अनियमितता पाई गई। पुलिस का आरोप है कि किसी वाहन की नंबर प्लेट गायब थी, जबकि कुछ पर कालिख पोतकर नंबर से छेड़छाड़ की गई थी। इसके अलावा ट्रेलर की बॉडी पर लाल पट्टी में दर्ज खनन सॉफ्ट नंबर और निबंधन नंबर को मिटाने अथवा उसमें टेंपरिंग किए जाने की बात भी सामने आई। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बालू ढुलाई में इस्तेमाल किए जा रहे दो अन्य ट्रेलरों को भी जब्त किया। पुलिस के मुताबिक, इन दोनों वाहनों पर पुराने गोपालगंज निबंधन नंबर को हटाकर पटना का नंबर लगाया गया था। मामले में कोईलवर थाने में प्राथमिकी संख्या 207/26 और 208/26 दर्ज की गई है। गिरफ्तार चालकों की पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के मोहित यादव (29), देवरिया जिले के संजय कुमार (50) और संदीप यादव (28) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपित चालकों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


