कोईलवर मे अवैध खनन मामले में शामिल 13 गिरफ्तार
आरा/कोईलवर (भोजपुर)।
सोन नदी में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस एवं खनन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। बीती रात कोईलवर थाना क्षेत्र में हुई छापेमारी के दौरान बालू लदी नाव पर लगी ड्रेजर मशीन पकड़ी गई। कार्रवाई में 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार, भोजपुर एसपी के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-02 की अगुवाई में टीम ने सोन नदी में अभियान चलाया। जांच के दौरान बड़ी नाव पर ड्रेजर मशीन लगी मिली। पुलिस के मुताबिक, इसी मशीन के माध्यम से नदी से बालू निकाला जा रहा था। नाव पर बालू भी लदा हुआ था, जिसे मशीन समेत जब्त कर लिया गया।अधिकारियों के अनुसार, एनजीटी के निर्देश के तहत पर्यावरण संरक्षण को लेकर 15 जून से 15 अक्टूबर तक बालू उत्खनन पर रोक है। इसके बावजूद नदी में खनन और परिवहन किए जाने की सूचना पर यह कार्रवाई की गई।गिरफ्तार आरोपियों में सारण जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र के सबलपुर पछियारी टोला के गब्बर सिंह, कुश राय, लालमोहन कुमार, अशोक राय, प्रमोद राय, नंदकिशोर राय, राजेश्वर पासवान, जवाही सिंह, अजय राय, महेश यादव व विनोद राय, सबलपुर हस्ती टोला के अखिलेश कुमार राय तथा बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र के लम्मर चमथा निवासी राजकुमार राय शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


