अंजनी कुमार
अरवल
कलेर थाना क्षेत्र के पूरा कोठी गांव के समीप सोन नदी के तटीय इलाके में पुलिस ने बुधवार की देर रात छापेमारी कर 432 लीटर देसी शराब बरामद की. इस दौरान शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पैशन प्रो बाइक भी जब्त की गई. मामले में तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने तीनों आरोपितों की पहचान कर ली है. इस संबंध में जानकारी देते हुए कलेर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोन नदी के दूसरी ओर से कुछ लोग शराब लाकर इलाके में बेचने का काम कर रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस संबंधित क्षेत्र में सक्रिय होकर निगरानी कर रही थी. इसी दौरान बुधवार की देर रात एक सुनसान स्थान पर बाइक आती दिखाई दी, जिस पर शराब से भरे दो बड़े बोरे लदे थे. पुलिस को देखते ही बाइक सवार वाहन छोड़कर फरार हो गया. इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया. तलाशी के दौरान सात बोरों में रखी देसी शराब बरामद की गई. जांच में कुल 432 लीटर देसी शराब पाई गई. पुलिस ने शराब के साथ पैशन प्रो बाइक को भी जब्त कर लिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में कलेर थाने में तीन लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है. उन्होंने कहा कि पूरा कोठी गांव के समीप सोन नदी के दूसरी ओर से शराब की तस्करी किए जाने की सूचनाएं मिल रही हैं. इस अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस संबंधित इलाकों में निगरानी बढ़ा रही है.


