पुलिस को देखते ही चलती ट्रैक्टर से कूदकर भागा चालक, परासी थाना पुलिस की कार्रवाई।
ANJANI KUMAR
अरवल
जिले में अवैध बालू खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत परासी थाना पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुय बहादुरपुर-सुमेरा मार्ग स्थित बनकट के समीप अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर-डाला जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान अवैध बालू परिवहन कराने वाले एक लाइनर को गिरफ्तार किया गया, जबकि ट्रैक्टर चालक पुलिस को देखकर चलती गाड़ी से कूदकर फरार हो गया।गिरफ्तार लाइनर की पहचान प्रेमजीत कुमार, पिता सिनेश्वर पंडित, निवासी ग्राम बहादुरपुर, थाना परासी, जिला अरवल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रेमजीत कुमार अवैध बालू लदे वाहनों को सुरक्षित रास्ता दिखाने तथा उन्हें पुलिस जांच से बचाकर गंतव्य तक पहुंचाने का काम करता था।
परासी थानाध्यक्ष मोहम्मद सिराज ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बहादुरपुर-सुमेरा मार्ग से एक ट्रैक्टर पर अवैध बालू लादकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर तत्काल पुलिस टीम का गठन कर कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस को देखते ही ट्रैक्टर चालक घबरा गया और चलती ट्रैक्टर से छलांग लगाकर मौके से फरार हो गया। चालक के अचानक कूद जाने से ट्रैक्टर अनियंत्रित होने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह वाहन को नियंत्रित कर सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया।पुलिस ने मौके से सोनालिका कंपनी का नीले रंग का ट्रैक्टर तथा उस पर लगा डाला, जिसमें अवैध बालू लदा था, जब्त कर लिया। वहीं लाइनर प्रेमजीत कुमार को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। फरार चालक की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
थानाध्यक्ष मोहम्मद सिराज ने बताया कि जब्त ट्रैक्टर, डाला एवं अवैध बालू के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है कि अवैध बालू कहां से लाया जा रहा था और किन लोगों की इसमें संलिप्तता है।उन्होंने कहा कि अवैध बालू खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। इस धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।


