अंजनी कुमार
अरवल
अरवल जिले के मेहंदिया थाना पुलिस ने अवैध बालू खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के मेहंदिया थाना के समीप से एक अवैध बालू लदा ट्रैक्टर चालक सहित जब्त कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया। जब्त ट्रैक्टर को थाना लाकर अग्रिम कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिना वैध खनन चालान एवं परिवहन संबंधी आवश्यक दस्तावेजों के बालू की ढुलाई की जा रही है। सूचना मिलते ही मेहंदिया थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई और थाना के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान बालू से लदे एक ट्रैक्टर को रोककर उसकी जांच की गई।
जांच के दौरान चालक से बालू परिवहन से संबंधित वैध चालान एवं अन्य आवश्यक कागजात की मांग की गई, लेकिन वह कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने तत्काल ट्रैक्टर को चालक सहित जब्त कर थाना ले आई। मामले में खनन अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मेहंदिया थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार ने बताया कि, “जिले में अवैध बालू खनन एवं परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मेहंदिया थाना के समीप से एक अवैध बालू लदा ट्रैक्टर चालक सहित जब्त किया गया है। चालक से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। किसी भी व्यक्ति को अवैध खनन या बिना वैध दस्तावेज के बालू परिवहन की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।”
उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध बालू खनन या परिवहन की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सरकार के निर्देशानुसार अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


