मोहनिया में दिनदहाड़े 7–8 लाख के जेवरात की चोरी, आगे की कार्रवाई मे जुटी पुलिस
गोदरेज का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण ले उड़े बदमाश, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस,
कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मोहनिया नगर परिषद के वार्ड संख्या-5 स्थित एक मकान में अज्ञात चोरों ने गोदरेज का ताला तोड़कर करीब 7 से 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता मंजू चौधरी अपने घर के आगे वाले कमरे (टीवी रूम) में बच्चों को पढ़ा रही थीं। इसी दौरान चोर घर के दूसरे हिस्से में घुस गए और अलमारी का ताला तोड़कर मांगटीका, नथिया, तीन तल्ला झुमका, तीन सोने की अंगूठियां समेत अन्य कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए।
घटना का पता उस समय चला जब पीड़िता के पति मनोज कुमार भभुआ से घर लौटे। उन्होंने कमरे में जेवरात के खाली डिब्बे और सामान बिखरा हुआ देखा। इसके बाद परिवार को चोरी की जानकारी हुई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पीड़िता ने बताया कि चोरी गए जेवरात की अनुमानित कीमत 7 से 8 लाख रुपये से अधिक है। घटना रविवार दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है।
स्थानीय जिला पार्षद गीता पासी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित परिवार मिल के कारोबार से जुड़ा है। सूचना मिलते ही मोहनिया थाना पुलिस की टीम, जिसमें एक महिला सब-इंस्पेक्टर भी शामिल थीं, मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
मोहनिया थाना अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


