मोहनिया समेकित जांच चौकी पर फिर छापेमारी: अवैध उगाही करते 3 सैप जवान व 1 होमगार्ड गिरफ्तार, ₹83,300 बरामद
कैमूर पुलिस ने समेकित जांच चौकी, मोहनिया पर अवैध उगाही के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। कैमूर एसपी शिखर चौधरी के निर्देश पर यातायात डीएसपी और मोहनिया थाना की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात जांच चौकी पर छापेमारी कर वाहन चालकों से अवैध वसूली करते हुए तीन सैप जवान और एक होमगार्ड जवान को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गंगासागर सिंह, बच्चू प्रसाद, मनीराम शर्मा (तीनों सैप जवान) तथा सुनील कुमार गुप्ता (होमगार्ड जवान) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 83,300 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले की गहन जांच जारी है।
मंगलवार दोपहर मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि समेकित जांच चौकी से अवैध उगाही के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद नकदी और मोबाइल फोन जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि एक महीने के भीतर समेकित जांच चौकी पर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले हुई छापेमारी में चार सैप जवान और पांच निजी सहायकों समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इस ताजा कार्रवाई के बाद एक महीने में इस जांच चौकी से गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है।
लगातार हो रही गिरफ्तारियों ने जांच चौकी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे अहम बात यह है कि 24 घंटे तीनों शिफ्टों में अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति के बावजूद कथित अवैध उगाही का खेल जारी रहा और इसकी भनक तक जांच चौकी प्रभारी (एडीटीओ) आलोक कुमार को नहीं लग सकी। विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद अवैध वसूली जारी रहने से प्रशासनिक निगरानी और जवाबदेही पर भी सवाल उठ रहे हैं।


