ANJANI KUMAR
अरवल
जिले के कलेर प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बलिदाद एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय से जुड़े मामले में क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक, मगध प्रमंडल, गया ने स्पष्टीकरण तलब किया है। इस संबंध में क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक संजय कुमार चौधरी ने संबंधित अधिकारियों को पत्र जारी कर एक सप्ताह के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है।
जारी पत्र के अनुसार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अरवल के प्रतिवेदन के आधार पर यह मामला सामने आया है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, बलिदाद के छात्रावास में छात्राओं से तेल मालिश एवं मेहंदी लगवाने के आरोप में तत्कालीन प्रभारी प्रधानाध्यापिका के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई थी।अब क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक ने प्रभारी प्रधानाध्यापक राजीव कुमार तथा प्रभारी वार्डन सह वरीय शिक्षिका बबली कुमारी से यह स्पष्ट करने को कहा है कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (टाइप-4) के मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत छात्राओं की सुरक्षा एवं संरक्षा को ध्यान में रखते हुए नवपदस्थापित प्रधानाध्यापिका विनिता कुमारी को छात्रावास परिसर में आवास की अनुमति किस आधार पर दी गई।पत्र में कहा गया है कि निर्धारित अवधि के भीतर स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होने पर यह माना जाएगा कि संबंधित पक्ष को इस संबंध में कुछ नहीं कहना है तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक कार्यालय ने इस पत्र की प्रति जिला शिक्षा पदाधिकारी, अरवल को भी भेजते हुए 23 जुलाई 2026 तक पत्र का तामिला कराकर तामिला प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।


