
जनता दरबार की शिकायत पर कैमूर एसपी का बड़ा एक्शन: करमचट थाने के ASI निलंबित, जातिसूचक गाली-गलौज व दुर्व्यवहार के आरोप की होगी जांच
कैमूर में जनता दरबार में प्राप्त शिकायत पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) शिखर चौधरी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करमचट थाने में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (ASI) परमानंद प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर एक नागरिक के साथ जातिसूचक गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का आरोप है।
कैमूर पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को आयोजित जनता दरबार में उक्त शिकायत प्राप्त हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ASI परमानंद प्रसाद को निलंबित कर पुलिस केंद्र, भभुआ मुख्यालय में योगदान देने का निर्देश दिया।
एसपी ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के लिए भभुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) को जिम्मेदारी सौंपी है। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के साथ एसपी शिखर चौधरी ने स्पष्ट संदेश दिया कि आमजन के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार, भेदभाव या अभद्र आचरण किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध सख्त और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जनता दरबार में मिली शिकायत पर एसपी की इस त्वरित कार्रवाई को पुलिस प्रशासन की जवाबदेही और आम नागरिकों की शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता के रूप में देखा जा रहा है।


