Explore

Search

August 2, 2026 9:44 pm

Traffic Tail

सावन के आगमन को लेकर मधुश्रवा में बढ़ी तैयारी, बाबा मधेश्वरनाथ मंदिर में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़.

 

बीडीओ और सीओ ने लिया व्यवस्था का जायजा, साफ-सफाई व निगरानी के लिए 30 स्वच्छता कर्मियों की तैनाती।

ANJANI KUMAR

अरवल

सावन माह का शुभारंभ गुरुवार से होने जा रहा है। सावन के पहले दिन ही प्रखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मधुश्रवा स्थित बाबा मधेश्वरनाथ मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
मंदिर परिसर, तालाब और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी सुशील कुमार सिंह एवं अंचलाधिकारी उत्तम राहुल ने मधुश्रवा पहुंचकर निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर, तालाब, श्रद्धालुओं के आने-जाने वाले रास्तों सहित विभिन्न स्थानों का जायजा लिया और संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बीडीओ सुशील कुमार सिंह ने बताया कि पूरे सावन माह के दौरान मधुश्रवा में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इसके लिए पूरे सावन माह के लिए 30 स्वच्छता कर्मियों की तैनाती की गई है। प्रत्येक पंचायत से दो-दो स्वच्छाग्रही को मधुश्रवा में व्यवस्था की देखरेख के लिए लगाया गया है।उन्होंने बताया कि स्वच्छता कर्मियों के कार्यों की निगरानी के लिए स्वच्छाग्रही शत्रुघ्न कुमार को सुपरवाइजर के रूप में नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में सभी स्वच्छाग्रही मंदिर परिसर, तालाब, आसपास के क्षेत्रों और श्रद्धालुओं के आने-जाने वाले स्थानों की नियमित साफ-सफाई एवं निगरानी करेंगे।बीडीओ ने बताया कि सावन माह के प्रत्येक सोमवार को विशेष रूप से व्यवस्था पर ध्यान दिया जाएगा, क्योंकि इस दिन श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक रहती है। स्वच्छता कर्मी मंदिर परिसर में गंदगी, तालाब की स्थिति और पूरे क्षेत्र की साफ-सफाई पर विशेष नजर रखेंगे।उन्होंने कहा कि स्वच्छता कर्मियों को केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि वे मधुश्रवा में होने वाली गतिविधियों की सूचना भी प्रशासन तक पहुंचाएंगे। किसी भी प्रकार की समस्या या अव्यवस्था की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित किया जाएगा, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।बीडीओ ने स्थानीय मुखिया एवं जनप्रतिनिधियों से भी अपील की है कि सावन माह में श्रद्धालुओं की सुविधा और बेहतर व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
इधर, सावन के आगमन को लेकर मधुश्रवा में उत्साह का माहौल है। मंदिर परिसर में तैयारियां पूरी की जा रही हैं। सावन के प्रत्येक सोमवार को यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। प्रशासन की ओर से साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

ANJANI KUMAR
Author: ANJANI KUMAR

Leave a Comment

Advertisement
Traffic Tail
लाइव क्रिकेट स्कोर
Traffic Tail