मुख्यमंत्री ने कैमूर मे 11 सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालयों का किया ऑनलाइन उद्घाटन
कैमूर जिले के लिए रविवार का दिन शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि लेकर आया। मुख्यमंत्री, बिहार ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान जिले के 11 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालयों) का ऑनलाइन उद्घाटन किया। इस पहल को राज्य सरकार की गुणवत्तापूर्ण, समावेशी एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जिले के सभी चयनित विद्यालयों में उद्घाटन समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, शिक्षा विभाग के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सभी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए राज्य सरकार और शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन का सभी विद्यालयों में सजीव प्रसारण किया गया। उन्होंने आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीक आधारित शिक्षण, नवाचार, समग्र व्यक्तित्व विकास तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य पर विशेष जोर दिया।
इन 11 विद्यालयों का हुआ उद्घाटन
महसूआ, भभुआ
जैतपुरकला, भगवानपुर
बहेरा, अधौरा
चिताढ़ी, चैनपुर
बहुआरा, चांद
धनेच्छा, दुर्गावती
बरहुली, मोहनिया
देवहलिया, रामगढ़
बनका बहुआरा, नुआंव
जहानाबाद, कुदरा
नौहट्टा, रामपुर
इन आदर्श विद्यालयों में स्मार्ट कक्षाएं, समृद्ध पुस्तकालय, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, खेलकूद और सह-शैक्षणिक गतिविधियों सहित आधुनिक आधारभूत सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इन विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों में नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, डिजिटल साक्षरता, रचनात्मकता और जीवन कौशल का विकास किया जाएगा। साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षण-अधिगम को बढ़ावा मिलेगा।
जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने विश्वास जताया कि इन आदर्श विद्यालयों के संचालन से कैमूर जिले की शैक्षणिक गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा और ये विद्यालय आसपास के अन्य स्कूलों के लिए भी उत्कृष्टता एवं प्रेरणा के केंद्र बनेंगे।


