Explore

Search

August 2, 2026 7:22 pm

Traffic Tail

मिथिला हस्तशिल्प को मिलेगा नया बाजार, सहकारी समिति की पहली बैठक में सुधा की मखाना खीर लॉन्च.

 

अंजनी कुमार

पटना

मिथिला हस्तशिल्प को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में शनिवार को मिथिला हस्त कला केन्द्र में मिथिला हैंडीक्राफ्ट को-ऑपरेटिव सोसायटी के सदस्यों की पहली बैठक आयोजित हुई. बैठक में बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव तथा कॉम्फेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. कार्यक्रम में मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा, पटना म्यूजियम के अपर निदेशक अशोक कुमार सिन्हा, मिथिला चित्रकला संस्थान के निदेशक चंद्रशेखर प्रसाद सिंह, हैंडीक्राफ्ट के सहायक निदेशक मुकेश कुमार तथा पर्यटन विभाग के अधीक्षक अभियंता अरुण कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे.

कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मानित कलाकार दुलारी देवी और पद्मश्री बउआ देवी की उपस्थिति आकर्षण का केंद्र रही. सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव आशीष भुटानी ने पूर्व रिकॉर्डेड संदेश के माध्यम से समिति के गठन पर शुभकामनाएं दीं. राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. मीनेश शाह ने भी अपने संदेश में इस पहल को सहकारिता के क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम बताया. वहीं नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक गौतम कुमार सिंह ने समिति के गठन पर बधाई देते हुए आवश्यक वित्तीय सहयोग देने की बात कही.

मुख्य अतिथि शीर्षत कपिल अशोक ने कहा कि मधुबनी की हस्तकला को देश और विदेश में विशेष पहचान प्राप्त है. हाल ही में भारत सरकार ने जितवारपुर को देश का पहला क्राफ्ट विलेज घोषित किया है. जिले में करीब 50 हजार मान्यता प्राप्त आर्टिजन कार्डधारी कलाकार हैं, जिनमें अनेक कलाकार राज्य, राष्ट्रीय और पद्मश्री सम्मान से सम्मानित हो चुके हैं.

उन्होंने कहा कि इस सहकारी संस्था के गठन से कलाकारों की कलाकृतियों को घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी. इससे कलाकारों की आय बढ़ेगी और उनकी पहचान को नई ऊंचाई मिलेगी. उन्होंने बताया कि समिति की सदस्यता के लिए पहली बार में ही 200 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें पद्मश्री सम्मानित कलाकार भी शामिल हैं. यह पहल सहकारिता के माध्यम से आर्थिक विकास को नई गति देने का उदाहरण बनेगी.

बैठक के दौरान मिथिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ, समस्तीपुर द्वारा सुधा ब्रांड के अंतर्गत तैयार मखाना खीर का भी शुभारंभ किया गया. मिथिला क्षेत्र के प्रसिद्ध मखाने से तैयार इस नए उत्पाद का स्वाद कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और प्रतिभागियों ने लिया तथा इसकी सराहना की.

कार्यक्रम में टेक्नोसर्व, कॉम्फेड, मिथिला दुग्ध संघ के अधिकारी, हस्तशिल्प कलाकार तथा बड़ी संख्या में समिति के सदस्य उपस्थित रहे.

ANJANI KUMAR
Author: ANJANI KUMAR

Leave a Comment

Advertisement
Traffic Tail
लाइव क्रिकेट स्कोर
Traffic Tail