Explore

Search

November 3, 2026 7:38 am

Traffic Tail

एस पी के जनता दरबार में समस्याओं की लगी कतार नशे पर रोक से लेकर 11हजार बोल्ट तार और मेहंदिया पुल का उठा मुदधा

एसपी के जनता दरबार में समस्याओं की लगी कतार, नशे पर रोक से लेकर 11 हजार वोल्ट तार और मेहंदिया पुल का उठा मुद्दा।

 

अंजनी कुमार

अरवल
थाना परिसर मेहंदिया में गुरुवार को आयोजित अरवल एसपी नवजोत सिमी के जनता दरबार में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे पुलिस कप्तान के सामने रखीं। जनता दरबार में एक ओर जहां ग्रामीणों ने क्षेत्र में फैल रहे ‘सूखी नशा’ के प्रचलन पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की, वहीं दूसरी ओर मेहंदिया पुल के निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इसके अलावा बिजली के 11 हजार वोल्ट के तार से उत्पन्न खतरे, कथित फर्जी मुकदमे तथा सरपंच कार्यालय में चौकीदार की कमी जैसी समस्याओं से भी एसपी को अवगत कराया गया।
जनता दरबार में बोध बिगहा गांव निवासी लक्ष्मण राम ने एसपी नवजोत सिमी से मुलाकात कर अपने ऊपर दर्ज कथित फर्जी केस से मुक्ति दिलाने की गुहार लगाई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की। वहीं निरंजन-इस्माइलपुर कोयल पंचायत के मुखिया आनंद सिन्हा ने गांव से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित कराने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि आबादी वाले इलाके से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार को लेकर ग्रामीणों में हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है और बीते दिन एक शिक्षक के साथ गंभीर घटना भी घट गई।
इसी पंचायत के सरपंच ने एसपी के समक्ष सरपंच कार्यालय में चौकीदार की बहाली अथवा प्रतिनियुक्ति का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि कार्यालय में चौकीदार नहीं रहने के कारण सुरक्षा, नोटिस एवं अन्य कार्यों में परेशानी होती है। जनता दरबार में मौजूद ग्रामीणों ने क्षेत्र की अन्य समस्याओं से भी एसपी को अवगत कराया।
शिकायतों की जांच कर होगी कार्रवाई : एसपी
एसपी नवजोत सिमी ने लोगों की समस्याओं को बारी-बारी से सुना। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों को अपनी शिकायतें सीधे पुलिस प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर देना है। फरियादियों से प्राप्त शिकायतों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय न हो, इसके लिए पुलिस अधिकारियों को मामलों की निष्पक्ष जांच करने का निर्देश दिया गया है। एसपी ने लोगों से भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
थाना के कांडों की भी हुई समीक्षा
जनता दरबार समाप्त होने के बाद एसपी ने मेहंदिया थाना का निरीक्षण किया और थाना में दर्ज विभिन्न कांडों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित कांडों की स्थिति, अनुसंधान की प्रगति, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा मामलों के निष्पादन को लेकर पुलिस पदाधिकारियों से जानकारी ली। एसपी ने अनुसंधान में तेजी लाने और लंबित मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस को विशेष रूप से सतर्क रहने को कहा।एसपी के जनता दरबार को लेकर थाना परिसर में काफी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि पहुंचे थे। इस अवसर पर मेहंदिया थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ANJANI KUMAR
Author: ANJANI KUMAR

Leave a Comment

Advertisement
Traffic Tail
लाइव क्रिकेट स्कोर
Traffic Tail