
कुड़ारी स्कूल मार्ग निर्माण की मांग को लेकर 20 अगस्त से आमरण अनशन, डीएम से अनुमति की मांग
दुर्गावती प्रखंड की धड़हर पंचायत के ग्रामीणों ने पिपरी पुलिया से उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, कुड़ारी तक करीब 3 किलोमीटर पक्की सड़क निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग लंबे समय से कच्चा और जर्जर है, जिससे विद्यालय आने-जाने वाले सैकड़ों बच्चों सहित ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में धड़हर पंचायत निवासी मनोज कुमार राजभर, पिता रामरूप राजभर ने जिलाधिकारी, कैमूर को आवेदन देकर सड़क निर्माण की मांग की है। आवेदन में बताया गया है कि उक्त सड़क का पूर्व में सर्वे एवं डीपीआर तैयार कराया जा चुका है। ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (MMGSY) के तहत प्रस्तावित है, लेकिन डीपीआर तैयार होने के बावजूद निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है तथा कीचड़ के कारण बच्चों का विद्यालय पहुंचना मुश्किल हो जाता है। सीधा मार्ग उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्रामीणों और विद्यार्थियों को जीटी रोड/कर्मनाशा हाईवे तथा भानपुर होकर लगभग 12 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। इससे समय और परेशानी के साथ-साथ सड़क दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
मनोज कुमार राजभर ने कहा कि वर्षों से लंबित इस समस्या के समाधान के लिए प्रशासन से कई बार अपेक्षा की गई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य हैं। आवेदन के माध्यम से 20 अगस्त 2026 को सुबह 9 बजे से पिपरी पुलिया पर शांतिपूर्ण आमरण अनशन करने की घोषणा की गई है तथा इसके लिए प्रशासनिक अनुमति मांगी गई है।
ग्रामीणों की प्रमुख मांग है कि पिपरी पुलिया से उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, कुड़ारी तक लगभग 3 किलोमीटर सड़क का निर्माण पूर्व में तैयार डीपीआर के आधार पर जल्द शुरू कराया जाए।
आवेदन की प्रतिलिपि अनुमंडल पदाधिकारी मोहनिया, पुलिस अधीक्षक कैमूर, थाना प्रभारी दुर्गावती तथा मुख्यमंत्री सहयोग शिविर, पटना को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।


