सोन नदी में स्नान करने के दौरान 12वीं का छात्र डूबा, तलाश में जुटी पुलिस और एनडीआरएफ।
हर्बल आर वलापरासी थाना क्षेत्र के परासी चकिया गांव में बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब दाह संस्कार के बाद सोन नदी में स्नान करने के दौरान एक 20 वर्षीय युवक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी में डूब गया। युवक की पहचान परासी चकिया गांव निवासी सिद्धेश्वर ठाकुर के पुत्र शुभम कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद से ही पुलिस, स्थानीय गोताखोर और एनडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है। देर शाम तक शुभम का कोई पता नहीं चल सका था।
बताया जाता है कि गांव की एक वृद्ध महिला के निधन के बाद उसके दाह संस्कार में शामिल होने के लिए शुभम कुमार भी ग्रामीणों के साथ सोन नदी के किनारे गया था। दाह संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अन्य लोगों के साथ शुभम भी नदी में स्नान करने लगा। इसी दौरान वह नदी के गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह डूब गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय गोताखोरों ने नदी में उतरकर शुभम की तलाश शुरू कर दी। नदी के अलग-अलग हिस्सों में काफी देर तक खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान तेज कर दिया।
परासी थानाध्यक्ष सेराज आलम ने बताया कि शुभम के शव की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। करीब तीन से चार घंटे से पुलिस टीम लगातार नदी में उसकी तलाश में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस का पूरा प्रयास है कि शुभम के शव को जल्द से जल्द बरामद किया जाए। उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान में मदद के लिए एनडीआरएफ की टीम को भी लगाया गया है।शुभम कुमार अपने माता-पिता के तीन पुत्रों में सबसे छोटा था। वह सुमेरा हाई स्कूल में कक्षा 12वीं का छात्र था। पढ़ाई कर रहे शुभम के अचानक सोन नदी में डूबने की खबर से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन सोन नदी के किनारे पहुंच गए और शुभम के मिलने की आस लगाए हुए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी नदी किनारे जुटे रहे। हर किसी की नजर पुलिस और एनडीआरएफ की टीम द्वारा चलाए जा रहे तलाशी अभियान पर टिकी हुई है। शुभम के डूबने की घटना से पूरे परासी चकिया गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीण युवक के सकुशल या उसके शव के जल्द बरामद होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।


