Explore

Search

November 2, 2026 2:19 am

Traffic Tail

414 लीटर विदेशी शराब बरामद, पुलिस को देखते ही गाड़ी छोड़कर चालक फरार

ANANJI KUMAR

अरवल

मेहंदिया थाना क्षेत्र में रविवार की अहले सुबह पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब से लदी एक महिंद्रा एक्सयूवी-500 गाड़ी को बरामद किया है. गाड़ी से अलग-अलग ब्रांड की कुल 414 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई. पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. आगामी दशहरा पर्व को देखते हुए शराब की इतनी बड़ी खेप बरामद होना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है.
बताया जाता है कि मेहंदिया थाना की रात्रि गश्ती टीम रविवार की सुबह क्षेत्र में नियमित रूप से वाहन जांच कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक महिंद्रा एक्सयूवी-500 गाड़ी से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब ले जाई जा रही है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संदिग्ध गाड़ी की तलाश शुरू की. पुलिस को गाड़ी दिखाई देने के बाद उसका पीछा किया गया.
पुलिस की गाड़ी पीछे आते देख चालक वालिदाद बाजार समिति के समीप एनएच-139 मुख्य सड़क पर महिंद्रा एक्सयूवी-500 को खड़ी कर मौके से फरार हो गया. चालक ने पुलिस से बचने के लिए गाड़ी का हैंडल लॉक कर दिया था. इसके बाद गाड़ी को खोलने में पुलिस को काफी परेशानी उठानी पड़ी। काफी प्रयास के बाद गाड़ी का लॉक खोला गया और पुलिस ने उसकी तलाशी ली.
गाड़ी के अंदर मिली शराब की बड़ी खेप
तलाशी के दौरान गाड़ी के अंदर बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई. पुलिस के अनुसार किंगफिशर स्ट्रांग प्रीमियम बीयर 500 मिलीलीटर की 612 बोतल बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 306 लीटर है. इसके अलावा क्लासिक ओल्ड हैबिट व्हिस्की 750 मिलीलीटर की 60 बोतल, कुल 45 लीटर तथा क्लासिक ओल्ड हैबिट व्हिस्की 375 मिलीलीटर की 168 बोतल, कुल 63 लीटर बरामद की गई.
इस तरह गाड़ी से कुल 414 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. पुलिस ने शराब के साथ सिल्वर रंग की महिंद्रा एक्सयूवी-500 गाड़ी, जिसका पंजीकरण संख्या UP50AA1212 है, को जब्त कर लिया है.
शराब बरामद होने की खबर आसपास के इलाके में फैलते ही वालिदाद बाजार समिति के समीप बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. लोग सड़क किनारे खड़ी शराब लदी गाड़ी को देखने के लिए काफी देर तक वहां जुटे रहे. पुलिस ने गाड़ी और बरामद शराब को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी.
दशहरा पर्व को लेकर बढ़ी सतर्कता
दशहरा पर्व नजदीक है. ऐसे में पुलिस को आशंका है कि अवैध शराब कारोबारी पर्व के दौरान शराब की मांग बढ़ने की संभावना को देखते हुए बड़ी मात्रा में शराब का भंडारण करने में जुटे हैं. इसी को देखते हुए पुलिस द्वारा क्षेत्र में वाहन जांच और रात्रि गश्ती बढ़ाई गई है. शराब की इस बड़ी खेप की बरामदगी को इसी अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है.
चालक की पहचान में जुटी पुलिस
मेहंदिया थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार ने बताया कि पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई. पुलिस को देखते ही चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया. गाड़ी को हैंडल लॉक कर दिया गया था, जिसे खोलने में पुलिस को परेशानी हुई. गाड़ी खोलने के बाद तलाशी लेने पर कुल 414 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई है.
उन्होंने बताया कि बरामद गाड़ी के आधार पर चालक एवं शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है.मामले में नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पर्व-त्योहार को देखते हुए अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा.

ANJANI KUMAR
Author: ANJANI KUMAR

Leave a Comment

Advertisement
Traffic Tail
लाइव क्रिकेट स्कोर
Traffic Tail