भू-अर्जन विभाग की समीक्षा बैठक में डीएम के सख्त निर्देश, मुआवजा भुगतान में तेजी लाने को कहा
समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में शनिवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में भू-अर्जन विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विशेष रूप से भारतमाला परियोजना और राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-219) से संबंधित भू-अर्जन कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की ग
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिग्रहित भूमि के एवज में रैयतों एवं भू-स्वामियों को दिए जाने वाले मुआवजे की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लंबित मामलों का तत्काल निष्पादन करते हुए मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि विकास परियोजनाओं के कार्यों में किसी प्रकार का गतिरोध उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को त्वरित प्रक्रिया अपनाते हुए रैयतों के बैंक खातों में पारदर्शी तरीके से मुआवजे की राशि का अंतरण सुनिश्चित करने को कहा। भू-स्वामित्व एवं अभिलेखों से जुड़े छोटे-मोटे विवादों को आपसी समन्वय और त्वरित सत्यापन के माध्यम से निपटाने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में CWJC के लंबित मामलों का भी यथाशीघ्र निष्पादन करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने कहा कि बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ीकरण जिले के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर तय समय सीमा में पूरा कराया जाए।
बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, NHAI एवं कार्यदायी एजेंसियों के प्रतिनिधियों सहित भू-अर्जन शाखा के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।


