खजुरा बॉर्डर पर विकसित भारत का संदेश लेकर पहुंची सेवा संकल्प यात्रा
दुर्गावती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण एवं सुशासन की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने तथा ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से भाजपा की सेवा संकल्प यात्रा मंगलवार की शाम यूपी-बिहार सीमा स्थित खजुरा बॉर्डर पहुंची। यात्रा के पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने जेसीबी मशीन से फूलो की वर्षा कर भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रखंड अध्यक्ष बीपीन केवट ने की, जबकि संचालन अरस्तू खान ने किया। यात्रा को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। खजुरा बॉर्डर पर स्वागत के लिए कार्यकर्ता पहले से ही तैयारियों में जुटे हुए थे।
इस दौरान भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने लोगों को केंद्र सरकार की विभिन्न उपलब्धियों एवं विकास योजनाओं की जानकारी दी। भाजपा नेता सह पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, समर्पण एवं सुशासन के 25 वर्षों की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए देश के विकास को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक कुमार, बीपीआरओ रमेश कुमार सहित पुलिस के जवान तैनात रहे। मौके पर सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुशील कुमार सिंह सहित उत्तर प्रदेश से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।


